Shimla, Sanju-हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम रच दिया है। विश्व साक्षरता दिवस पर हिमाचल को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित कर दिया गया है। देश में यह उपलब्धि हासिल करने वाला यह पाँचवाँ राज्य है। अब राज्य की साक्षरता दर 99.3 फ़ीसदी तक पहुँच गई है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने याद दिलाया कि आज़ादी के समय यहाँ साक्षरता दर महज़ 7.5 फ़ीसदी थी, जो 2011 की जनगणना में 82.80 फ़ीसदी तक पहुँची और अब लगभग सौ फ़ीसदी हो चुकी है।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार इस मौके पर प्रधानमंत्री से विशेष आपदा राहत पैकेज की माँग करेगी। प्रधानमंत्री आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायज़ा भी लेंगे। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार हिमाचल की आर्थिक मदद ज़रूर करेगी। विधानसभा पहले ही आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का प्रस्ताव केंद्र को भेज चुकी है।