चरखी दादरी | हरियाणा के दादरी जिले समेत कई जिलों में सहकारी समिति की परमिट वाली बसों में निजी बस संचालकों द्वारा नियमों की लगातार अनदेखी जारी है। छात्रों के लिए जारी बस पास और वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली 50 प्रतिशत किराए में छूट को बार-बार नजरअंदाज किया जा रहा है। सरकार की बार-बार हिदायतों के बावजूद शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
जुई-बाढड़ा रूट पर कई बार छात्रों और बस परिचालकों के बीच बहस और विवाद की घटनाएं सामने आई हैं। वरिष्ठ नागरिकों ने भी शिकायत की है कि रोडवेज कर्मी उनसे पूरा किराया वसूलते हैं और कभी-कभी दुर्व्यवहार भी करते हैं।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा आरटीए विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। टीआई राजकुमार ने स्पष्ट किया कि हरियाणा रोडवेज में लागू नियम अब सभी परमिटधारी बसों पर भी अनिवार्य होंगे। उन्होंने कहा कि केवल हैप्पी कार्ड को छोड़कर अन्य छात्रों के पास मान्य होंगे और वरिष्ठ नागरिकों को किराए में 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। नियमों का पालन न करने वाले बस संचालकों का परमिट रद्द किया जा सकता है।
इस बीच सतनाली-तोशाम रूट पर चलने वाली बस का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें काकड़ौली निवासी छात्र संदीप और बस कंडक्टर के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। छात्र ने अपना मान्य पास दिखाया, लेकिन कंडक्टर ने उसे स्वीकार नहीं किया और पूरा किराया देने की मांग की। ड्राइवर भी विवाद में शामिल हो गया और छात्र से ऊँची आवाज़ में बात करने लगा। छात्र का आरोप है कि न केवल उसका पास अस्वीकार किया गया, बल्कि उसे धमकी भी दी गई।