नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश और पंजाब में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को रवाना हो गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने लिखा कि “इस दुखद समय में भारत सरकार प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”
सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री की यह एक दिवसीय यात्रा होगी। पहले वे हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे, इसके बाद पंजाब के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। गुरदासपुर में वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा करेंगे और बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद करेंगे।
प्रधानमंत्री एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीमों से भी मुलाकात करेंगे। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी इस आपदा की स्थिति को बेहद गंभीरता से देख रहे हैं और लगातार मॉनिटर कर रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच प्रधानमंत्री की यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंजाब में इस समय सतलज, ब्यास और रावी नदियों के उफान तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण दशकों की सबसे विनाशकारी बाढ़ का सामना किया जा रहा है।
इस बाढ़ से अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 1.84 लाख हेक्टेयर फसलें बर्बाद हो गई हैं। केंद्र और राज्य सरकार प्रभावित लोगों को राहत और पुनर्वास के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।