बलौदाबाजार | भारी बारिश और बाढ़ ने जहां छत्तीसगढ़ में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, वहीं बलौदाबाजार में एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ गई। कसडोल पुलिस ने चाचा की हत्या के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले शराब पिलाकर, फिर धारदार हथियार से हमला किया और शव को नदी किनारे रेत में दफना दिया था।
मामला 4 सितंबर का है, जब ग्राम मोतीपुर गौठान के पास जोंक नदी किनारे अज्ञात शव मिला। शव के दोनों हाथ स्कॉर्फ से बंधे और गले व पीठ पर धारदार हथियार के वार के निशान थे। पुलिस जांच में मृतक की पहचान पिसीद गांव के शिवप्रसाद साहू के रूप में की।
जांच में पता चला कि मृतक के भतीजे डिगेश साहू और उसका साथी हत्या के पीछे थे। मृतक अक्सर गुस्सैल स्वभाव के कारण परिवार के साथ विवाद करता था। इसी रंजिश में आरोपियों ने उसे शराब पिलाकर नदी किनारे ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया और शव को रेत में दफना दिया। बारिश के बाद नदी का पानी बढ़ने से शव बाहर आ गया और हत्या का रहस्य खुला।