भिवानी | भिवानी में शिक्षिका मनीषा मौत मामले में सोशल मीडिया पर भड़काऊ और झूठी पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। सिविल लाइन पुलिस ने इस मामले से जुड़े दो नए एफआईआर दर्ज किए हैं।
भिवानी पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने लोगों और सोशल मीडिया अकाउंट धारकों से अपील की है कि वे बिना आधिकारिक पुष्टि के कोई भी अफवाह, भड़काऊ वीडियो या झूठी खबर पोस्ट न करें। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर सेल लगातार सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर नजर रख रहा है। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ अकाउंट से मनीषा प्रकरण को लेकर झूठे आरोप और भड़काऊ पोस्ट साझा किए गए थे। मृतका के चरित्र पर टिप्पणी करने और परिवार पर आरोप लगाने वाले वीडियो भी फेसबुक पर अपलोड किए गए थे। पुलिस ने इसे संज्ञान में लेते हुए मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरे मामले में ढिगावा जाटान गांव के चार युवकों ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे पिस्तौल जैसे दिखने वाले हथियार के साथ मनीषा को न्याय दिलाने की बात कर रहे थे। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि वह असली पिस्तौल नहीं बल्कि एक लाइटर था, जिसे हथियार की तरह दिखाया गया। पुलिस ने युवकों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।