फाजिल्का | पंजाब के फाजिल्का जिले के लाधुका इलाके में पुलिस और शूटरों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं, जिसमें आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल शूटरों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने एक निजी होटल मालिक से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने होटल के बाहर दो बार फायरिंग भी की थी। फाजिल्का एसएसपी गुरमीत सिंह के अनुसार, 28 अगस्त की रात होटल के बाहर हुई पहली फायरिंग के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी तरह 31 अगस्त को फिर से होटल पर फायरिंग की गई।
पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज की। जब आरोपी दोबारा होटल पर हमला करने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान शूटरों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी और वे घायल हो गए।
पुलिस ने मौके से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों का इलाज जारी है और पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।