Shimla, Sanju
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि प्राकृतिक आपदा से हिमाचल प्रदेश को अब तक 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। उन्होंने कहा कि हालात को देखते हुए यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। राठौर ने कहा कि प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के लिए अवैध कटान और खनन पर रोक लगनी जरूरी है, साथ ही सड़कों की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी होनी चाहिए।
कुलदीप राठौर ने भाजपा सांसदों से की अपील
कुलदीप राठौर ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि भविष्य में नुकसान से बचने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा राहत कार्यों में पूरी तरह जुटी है, लेकिन केंद्र सरकार का सहयोग अनिवार्य है।उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपी है, लेकिन लोकसभा और राज्यसभा में भाजपा के सांसद भेजे हैं। ऐसे में यह उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वे केंद्र से प्रदेश के लिए विशेष आर्थिक मदद सुनिश्चित करवाएं। राठौर ने भाजपा सांसदों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होकर हिमाचल की मदद करें।
इसके साथ ही कुलदीप सिंह राठौर ने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शांता कुमार को इस उम्र में सोच-समझकर बयान देना चाहिए।
राठौर ने आरोप लगाया कि शांता कुमार न तो एक सफल मुख्यमंत्री रहे और न ही वे अपना कार्यकाल सम्मानजनक ढंग से पूरा कर पाए। उनके शासनकाल में सेब बागवानों पर हुए अत्याचार और गोलीकांड आज भी लोगों की यादों में ताजा हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी के अपमान को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं करेगी और शांता कुमार को अपनी टिप्पणी पर सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।