पंचकूला | पंचकूला की राजीव कॉलोनी में एक दुखद घटना सामने आई, जिसमें मामूली विवाद के बाद 17 वर्षीय बेटी ने पहले आत्महत्या कर ली और उसके कुछ घंटे बाद उसके पिता ने भी फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। बेटी की कुछ महीनों में शादी होने वाली थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को नगर हवा सिंह ड्यूटी से घर लौटे। बेटी ने पिता से कहा कि एल.सी.डी. खराब हो गई है और दूसरी एल.सी.डी. खरीदनी है। इस पर हवा सिंह ने कुछ दिन रुकने को कहा। इसी मामूली विवाद के बाद बेटी ने घर में फंदा लगा लिया। परिवार ने उसे तुरंत सेक्टर-6 के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत की खबर से टूटे पिता हवा सिंह ने रात में ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पास पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर सेक्टर-21 पुलिस चौकी की टीम और फॉरेंसिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।