बिहार | यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पूर्णिया एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए इंडिगो एयरलाइन्स की पहली नियमित वाणिज्यिक उड़ान 15 सितंबर से शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइन्स के सूत्रों के अनुसार, इस नई उड़ान के लिए बुकिंग मंगलवार, 10 सितंबर से शुरू हो गई है। यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन – सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी।
उड़ान का समय और किराया
पूर्णिया से उड़ान दोपहर 2:30 बजे भरेगी और कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 3:40 बजे लैंड करेगी। वहीं, कोलकाता से यह फ्लाइट दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर 1:40 बजे पूर्णिया पहुंचेगी। इस रूट पर 78 सीट वाला विमान तैनात किया गया है। शुरुआती एकतरफा टिकट का न्यूनतम किराया 3,115 रुपये तय किया गया है। उड़ान की कुल अवधि लगभग एक घंटा 10 मिनट की होगी। फिलहाल इंडिगो की वेबसाइट पर 15, 17 और 19 सितंबर की बुकिंग उपलब्ध है।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में बड़ा कदम
पूर्णिया एयरपोर्ट से यह पहली नियमित वाणिज्यिक उड़ान होगी। इसे क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत नागरिक उड्डयन विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस नई उड़ान से पूर्णिया और नजदीकी जिले – किशनगंज, कटिहार, अररिया और अन्य – के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अब वे सीधे हवाई मार्ग से कोलकाता से जुड़ सकेंगे।