मुंबई | महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। योजना की 14वीं किस्त (अगस्त माह) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अगस्त की सम्मान निधि जल्द पहुंचेगी खातों में
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा जानकारी के अनुसार, पात्र महिलाओं के आधार से जुड़े बैंक खातों में जल्द ही 1,500 रुपये की सम्मान निधि भेज दी जाएगी। इससे पहले महिला एवं बाल विकास विभाग को इस किस्त के लिए 344.30 करोड़ रुपये का फंड जारी किया गया था।
योजना का उद्देश्य और अब तक का लाभ
‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना’ आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई थी। इस योजना के तहत 21 से 65 वर्ष की प्रत्येक पात्र महिला को हर महीने 1,500 रुपये की सीधी वित्तीय सहायता दी जाती है।
अब तक इस योजना से करीब दो करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिल चुका है। सरकार ने सीधे बैंक खातों में 13 किस्तों के रूप में 19,500 रुपये ट्रांसफर किए हैं। यही वजह है कि यह योजना महिलाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो गई है।