टोरंटो | टोरंटो के उत्तर में स्थित रिचमंड हिल में एक कार बालवाटिका की खिड़की तोड़ते हुए अंदर घुस गई, जिससे एक बच्चा मारा गया। यॉर्क क्षेत्रीय पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह हादसा ‘योंगे स्ट्रीट’ और ‘नॉटिंघम ड्राइव’ के पास हुआ। मृतक बच्चे की उम्र केवल डेढ़ वर्ष थी। इस हादसे में 18 महीने से तीन साल के बीच छह अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। साथ ही बालवाटिका के तीन कर्मचारी भी घायल हुए हैं।
पुलिसकर्मी केविन नेब्रिजा ने बताया कि इस मामले में एसयूवी के 70 वर्षीय चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह घटना जानबूझकर नहीं हुई, बल्कि गलती से हुई थी।