चंडीगढ़ । मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अब स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सभी टेस्ट सामान्य आए हैं और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो आज ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
मुख्यमंत्री का हालचाल जानने के लिए पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया अस्पताल पहुंचे। उनके साथ पंजाब के डीजीपी गौरव यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। राज्यपाल ने बताया कि डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री को आराम करने की सलाह दी है और उनकी सेहत अब पहले से बेहतर है।
राज्यपाल ने यह भी खुलासा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री की तबीयत को लेकर लगातार जानकारी लेते रहे। उन्होंने कई बार उनका हाल पूछा और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जैसे ही वे हेलीकॉप्टर से उतरें, उन्हें सीएम की सेहत की जानकारी तुरंत दी जाए।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1600 करोड़ रुपये की टोकन राशि जारी करने का ऐलान भी किया है। राज्यपाल के मुताबिक, शेष राशि केंद्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि पंजाब को 100 प्रतिशत मुआवजा मिलेगा और किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।