नई दिल्ली। दिवाली से पहले देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ISI से जुड़े पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई दिल्ली, मुंबई और झारखंड में की गई छापेमारियों के बाद हुई।
ऐसे खुला आतंकी मॉड्यूल का राज
दिल्ली पुलिस को 9 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर मुंबई निवासी आफताब को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने दानिश नामक एक और संदिग्ध का खुलासा किया।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने झारखंड एटीएस और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रांची के एक लॉज में छापा मारा। वहां दानिश छात्र बनकर रह रहा था। जांच में पता चला कि वह विस्फोटक बनाने में माहिर है। इन दोनों से मिली जानकारी के आधार पर तीन और आतंकियों को पकड़ा गया।
आतंकियों के ठिकानों से क्या मिला?
छापेमारी में सुरक्षा एजेंसियों ने भारी मात्रा में खतरनाक सामान बरामद किया। इनमें हथियार, IED बनाने का सामान, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सल्फर पाउडर, वेटिंग मशीन, सर्किट, मदरबोर्ड और डायोड शामिल हैं।
क्या थी साजिश?
प्राथमिक जांच में साफ हुआ है कि यह आतंकी मॉड्यूल देशभर में कई जगहों पर धमाकों की योजना बना रहा था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार आतंकियों से गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि उनके नेटवर्क और हमले की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।