हांसी। हांसी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ढाणी कुंदनापुर के पास तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में दिल्ली निवासी दंपति की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गगन विहार, दिल्ली के 38 वर्षीय विजय मलिक और उनकी 35 वर्षीय पत्नी ज्योति मलिक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों अपने रिश्तेदार से मिलने दिल्ली से निकले थे। रास्ते में कार अचानक पुल से नीचे जा गिरी।
हादसे में विजय मलिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ज्योति को राहगीरों की मदद से हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा कार के बेकाबू होने से हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।