16 September, 2025
हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि सोमवार, 22 सितंबर 2025 को देर रात 01:23 बजे से आरंभ होगी और यह तिथि 23 सितंबर की रात 02:55 बजे तक रहेगी। इसी के साथ देशभर में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो जाएगा।
नवरात्रि को शक्ति की उपासना का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। नौ दिनों तक माता दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-अर्चना और व्रत-उपवास किए जाते हैं। इस दौरान घर-घर में कलश स्थापना, देवी पंडाल, भजन-कीर्तन और जागरण का आयोजन होता है। माना जाता है कि नवरात्र में देवी माँ की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और शक्ति का संचार होता है।इस वर्ष शारदीय नवरात्र का प्रारंभ सोमवार को होने से इसका विशेष महत्व माना जा रहा है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, सोमवार को नवरात्र का आरंभ माँ दुर्गा की कृपा को और अधिक फलदायी बनाता है। भक्तों का विश्वास है कि विधिपूर्वक व्रत और पूजा करने से सभी मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं।नवरात्र के इन नौ दिनों में मंदिरों और देवी पंडालों में विशेष आयोजन होंगे। भक्त उपवास रखकर माँ की आराधना करेंगे और नवमी तिथि पर कन्या पूजन कर पर्व का समापन करेंगे।