गाजियाबाद | हरियाणवी फिल्मों के अभिनेता और प्रोड्यूसर उत्तर कुमार को गाजियाबाद पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला कलाकार को शादी और फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
शालीमार गार्डन थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने यह मामला जुलाई 2025 में दर्ज कराया था। आरोप है कि 5 साल पहले मुलाकात के बाद आरोपी ने अपने ऑफिस और फार्म हाउस पर कई बार दुष्कर्म किया। जब महिला ने शादी और काम की मांग की, तो आरोपी ने गाली-गलौच और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
इस मामले में पहले भी एफ.आई.आर. दर्ज की गई थी। पीड़िता ने विरोध स्वरूप 6 सितंबर को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था। इसके बाद डी.सी.पी. ट्रांस हिंडन ने केस की जांच दोबारा शुरू करवाई। पुलिस ने बताया कि उत्तर कुमार से पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।