17 September, 2025
नेटफ्लिक्स पर धमाकेदार वापसी
कपिल शर्मा का पॉपुलर शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का तीसरा सीजन लगातार चर्चा में है। इस वीकेंड का एपिसोड खास बनने जा रहा है क्योंकि इसमें बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार मेहमान बनकर आएंगे। प्रोमो में नजर आया कि अक्षय ने मजाक-मजाक में कपिल से शो की होस्टिंग भी अपने हाथ में ले ली।
कपिल बनाम अक्षय की मजेदार नोकझोंक
एपिसोड में कपिल और अक्षय की तकरार सबसे बड़ा आकर्षण रही। कपिल ने अक्षय की लेट एंट्री पर तंज कसा तो अक्षय ने तुरंत पलटवार किया—“अरे, मुझे पहले पैसे नहीं मिले!” कपिल ने उनकी फिल्मों की लंबी लिस्ट पर सवाल किया तो अक्षय ने हंसते हुए कहा—“तेरा शो तीन सीजन से चल रहा है, दो फिल्में हैं और अब कैफे भी… बता टैलेंट ज्यादा है या जरूरतें?” इस हल्की-फुल्की बातचीत ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
स्टंटमैन के लिए अक्षय की इमोशनल साइड
एपिसोड में अक्षय का इंसानी पहलू भी सामने आया। कपिल ने उन स्टंटमैन को स्टेज पर बुलाया, जिन्होंने सालों तक अक्षय के साथ काम किया है। अक्षय ने कहा—“मेरे लिए असली हीरो यही हैं। इनके बिना मैं कुछ नहीं।” स्टंटमैन ने खुलासा किया कि अक्षय ने चुपचाप पूरी यूनियन का लाइफ इंश्योरेंस कराया है और सालों से उसका प्रीमियम खुद भरते आ रहे हैं। इस भावुक पल ने दर्शकों को भी भावुक कर दिया।
‘हेरा फेरी 3’ की झलक और होली का धमाल
शो में ‘हेरा फेरी 3’ की एक झलक भी दिखाई दी। किकू शारदा ने बाबूभाई का रोल निभाया और कृष्णा अभिषेक ने सुनील शेट्टी की नकल उतारी। इसी दौरान अक्षय ने मंच पर आकर ‘बाबूराव का स्टाइल है’ गाते हुए कंफर्म किया कि यह गाना फिल्म में भी होगा। एपिसोड का अंत रंगों और मस्ती से हुआ जब अक्षय ने कपिल के सेट पर होली-स्टाइल वॉटर बैलून फाइट शुरू कर दी।