17 September, 2025
कान फिल्म फेस्टिवल और टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सराहना बटोरने के बाद नीरज घायवान की फिल्म होमबाउंड अब भारत में रिलीज़ के लिए तैयार है। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे।
फिल्म का नया ट्रेलर दर्शकों के सामने आ चुका है, जो बेहद भावुक कर देने वाला है। कहानी दो दोस्तों—चंदन कुमार (विशाल जेठवा) और मोहम्मद शोएब (ईशान खट्टर)—की है, जो समाज के हाशिए पर खड़े तबके से आते हैं। दोनों पुलिस अधिकारी बनने का सपना देखते हैं और इसके लिए कड़ी मेहनत करते हैं। हालांकि, जाति और धर्म की बाधाएं बार-बार उनके रास्ते में आती हैं। इसके बावजूद वे अपनी पहचान बनाने और सम्मान से जीने का सपना नहीं छोड़ते।
यह फिल्म कश्मीरी लेखक बशारत पीर के द न्यू यॉर्क टाइम्स में लिखे एक लेख से प्रेरित है। उस लेख की जड़ें कोविड-19 महामारी की शुरुआत में सड़क किनारे बैठे दो दोस्तों की तस्वीर से जुड़ी थीं। हालांकि, फिल्म के ट्रेलर में महामारी का कोई जिक्र नहीं है।करण जौहर द्वारा निर्मित होमबाउंड को कान्स 2025 में भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया था और वहां इसे स्टैंडिंग ओवेशन के साथ इंटरनेशनल पीपल्स चॉइस अवॉर्ड भी मिला। अब यह फिल्म 26 सितंबर को भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।