18 September, 2025
पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 में शानदार अंदाज़ में एंट्री कर ली है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए अपने आखिरी ग्रुप मैच में पाकिस्तान ने यूएई को 41 रनों से हराकर अगले दौर का टिकट हासिल किया।
सुपर-4 की शुरुआत 20 सितंबर से होगी और पाकिस्तान का पहला मैच 21 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ होगा। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समय अनुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा।इससे पहले 14 सितंबर को ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों का सामना हुआ था, जहां भारतीय टीम ने पाकिस्तान को आसानी से 7 विकेट से हराया था। उस मैच में पाकिस्तान के बल्लेबाज भारतीय स्पिनर्स के सामने टिक नहीं पाए थे और टीम सिर्फ 127 रन पर सिमट गई थी। भारत ने यह लक्ष्य 16वें ओवर में ही हासिल कर लिया था।
एशिया कप 2025 का फाइनल 28 सितंबर को होगा। सुपर-4 में टॉप-2 पर रहने वाली टीमें खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगी। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि फाइनल में भी भारत और पाकिस्तान की टक्कर देखने को मिल सकती है। वहीं ग्रुप बी से सुपर-4 में किसकी एंट्री होगी, यह अभी तय नहीं है। बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका में से दो टीमें आगे बढ़ेंगी। भारतीय टीम अपने अन्य सुपर-4 मैच 24 और 26 सितंबर को खेलेगी।