लुधियाना । शेपरपुर के पास नकाबपोशों ने दुकान के बाहर बैठे एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
युवक की पहचान दास बिल्डर के बेटे, नकाश गुप्ता के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इस हमला का कारण टैंडर बिड से जुड़ी रंजिश है। उनकी कंपनी ने पंजाब सरकार की टैंडर वेबसाइट पर मोगा में होने वाले काम के लिए बिड डाली थी। इसके बाद मोगा के एक ठेकेदार ने उन्हें बिड वापस लेने के लिए धमकाना शुरू किया और बिड वापस न लेने पर लगातार धमकियां दीं।
बुधवार को जब नकाश दुकान के बाहर किसी का इंतजार कर रहा था, तब एक कार में सवार 5-6 नकाबपोश लोहे की रॉड लेकर आए और सीधे उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घायल युवक को छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हुआ है।
पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर 6 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।