पुणे। मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर देहू रोड के पास हुए भीषण सड़क हादसे में सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब चारों छात्र लोनावला घूमकर पुणे लौट रहे थे और उनकी कार खड़े ट्रक से जा टकराई।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 5:45 बजे हुई। छात्र अपनी मारुति स्विफ्ट कार से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तस्वीरें देखकर ही हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मृतकों और घायलों की पहचान
इस हादसे में दिव्या राज सिंह राठौड़ (20) और सिद्धांत आनंद शेखर (20) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हर्ष मिश्रा (21) और निहार तांबोली (20) घायल हुए हैं, जिन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी छात्र सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी में बीबीए की पढ़ाई कर रहे थे।
पुलिस की जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक ड्राइवर मनीष कुमार सुराज मणिपाल (39) को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और छात्रों की कार ने उसे पीछे से टक्कर मारी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार, ड्राइवर की लापरवाही या नींद थी।