लंदन | अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हेलीकॉप्टर ‘मरीन वन’ को ब्रिटेन से लौटते समय तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस दौरान उनके साथ पत्नी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद थीं।
क्या हुआ था?
ट्रंप और मेलानिया ब्रिटेन से अमेरिका के लिए फ्लाइट पकड़ने के लिए स्टैनस्टेड एयरपोर्ट जा रहे थे। रास्ते में हेलीकॉप्टर में हाइड्रोलिक समस्या आने पर इसे ल्यूटन एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। इसके बाद उन्हें दूसरे हेलीकॉप्टर में बैठाकर स्टैनस्टेड एयरपोर्ट भेजा गया, जहां से वे अमेरिका के लिए रवाना हुए।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति और उनकी पत्नी पूरी तरह सुरक्षित हैं। ट्रंप ने पत्रकारों से बात करते हुए यात्रा को सुरक्षित बताया और कहा कि वह घर लौटने के लिए उत्सुक हैं।
मरीन वन हेलीकॉप्टर
‘मरीन वन’ और ‘मरीन टू’ हेलीकॉप्टर, जिन्हें व्हाइट टॉप भी कहा जाता है, बेहद सुरक्षित होते हैं। इनमें मिसाइल डिफेंस, रडार और जैमिंग सिस्टम लगे होते हैं और ये परमाणु धमाके के बाद भी काम करने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। सुरक्षा बढ़ाने के लिए अक्सर 2-3 अन्य हेलीकॉप्टर, जिन्हें ग्रीन टॉप्स कहा जाता है, के साथ उड़ान भरी जाती है।
ट्रंप का ब्रिटेन दौरा
ट्रंप का ब्रिटेन दौरा दो दिन का था, जिसमें उन्होंने विंडसर कैसल में राजा और रानी से मुलाकात की और ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ कूटनीतिक वार्ता की। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस दौरे को सफल और शानदार बताया।