चंडीगढ़ | हरियाणा में आज से मानसून की विदाई हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों में शनिवार को आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप खिलने से गर्मी का असर बढ़ जाएगा। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इस बार हरियाणा में मानसून लगभग 112 दिनों तक सक्रिय रहा और इस दौरान औसत से 39% अधिक बारिश दर्ज की गई। कुल मिलाकर राज्य में 568 मिमी बारिश हुई। हालांकि, भारी बारिश और बाढ़ से लगभग 30 लाख एकड़ फसलें बर्बाद हो गईं।
भारतीय मौसम विभाग (चंडीगढ़) के अनुसार, शुक्रवार को हिसार सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। पलवल में तापमान 37 डिग्री और यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज इलाके में न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन और रात के तापमान में बढ़ते अंतर की वजह से खांसी, जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है।
हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, हिसार के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 20 से 22 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। इससे पहले शुक्रवार को पंचकूला में तेज बरसात हुई, जबकि कैथल में घने बादल छाए रहे।