Nurupur, Sanjeev
नूरपुर की पंचायत ममूह गुरचाल के गांव मलकवाल, ठेहड़ गुरुचाल और कतेरा में हाल ही में हुई भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अजय महाजन ने लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सरकार से अधिकतम मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
अजय महाजन ने कहा कि आपदा की घड़ी में राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ितों की मदद करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से प्रभावित परिवारों की त्वरित सहायता सुनिश्चित करने की बात कही।गांव की बुजुर्ग महिला रानो बीबी, जिनका घर बारिश की वजह से गिर गया है, ने मदद की गुहार लगाई। वहीं सुरजीत सिंह ने बताया कि उनका घर भी गिरने की कगार पर है और वह अपने सामान को रिश्तेदारों के घर ले जाने को मजबूर हुए हैं।गांववासियों ने अजय महाजन और पंचायत प्रधान खुशवंत सिंह का धन्यवाद किया कि उनकी पहल से पुलिया का निर्माण हुआ जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। ग्रामीणों ने साथ ही यह भी आग्रह किया कि गांव के रास्तों की मरम्मत कराई जाए, क्योंकि बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कत होती है।
अजय महाजन ने गद्दी समुदाय की बस्ती का भी दौरा किया और बिजली, पानी व रास्ते की समस्याओं को हल करने के लिए विभागीय अधिकारियों से तुरंत बात की। उन्होंने कहा कि यहां कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए नया ट्रांसफार्मर जल्द लगाया जाएगा।पंचायत प्रधान खुशवंत सिंह ने बताया कि बारिश से क्षतिग्रस्त घरों का अजय महाजन ने निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों को सरकार से मदद दिलवाने का भरोसा दिया।