जींद | हरियाणा के जींद जिले में मुस्लिम समाज ने इंसानियत और एकता की मिसाल पेश की है। पंजाब में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए समाज ने राहत सामग्री से भरा ट्रक रवाना किया। खास बात यह रही कि ट्रक के आगे तिरंगा लहराकर राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
सूखा राशन जुटाकर भेजी मदद
मुस्लिम समाज ने घर-घर से आटा, दाल, चावल, चीनी, बिस्किट, तेल और अन्य खाद्य सामग्री एकत्र कर ट्रक में रवाना किया। यह सामग्री पंजाब के बाढ़ग्रस्त गांवों में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जाएगी।
पंजाब में बाढ़ से भारी तबाही
हालिया बाढ़ ने पंजाब के 15 जिलों के करीब 2,000 गांवों को डुबो दिया है। हजारों परिवारों को सड़कों और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। लंबे समय तक ऊंचे जलस्तर के कारण राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल था, लेकिन अब पानी घटने के बाद आपूर्ति शुरू हो पाई है।
“जरूरतमंदों तक पहुंचे हर घर का योगदान”
समाज प्रतिनिधि डॉ. इस्लाम ने बताया कि प्रत्येक घर से राशन एकत्र किया गया और उद्देश्य यही है कि कोई भी प्रभावित परिवार भूखा न रहे। मदरसा शिक्षक ने कहा कि तिरंगे के साथ राहत सामग्री भेजना गर्व की बात है और यह कदम भाईचारे की मिसाल बनेगा। वहीं, मदरसा की एक छात्रा ने कहा कि बाढ़ से मकान और पशु नष्ट हुए हैं, इसलिए यह मदद बेहद जरूरी है।
देशभर से मिल रहा सहयोग
जींद की इस पहल के अलावा सहारनपुर, मेवात, दिल्ली, मध्य प्रदेश और हरियाणा के अन्य हिस्सों से भी मुस्लिम समुदाय ने राशन, कपड़े और नकद सहायता भेजी है। हरियाणा सरकार की ओर से भी 20 से अधिक ट्रक राहत सामग्री भेजी गई है। वहीं, केंद्र सरकार ने 1,600 करोड़ रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है।