हरियाणा | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में देर रात हुए एक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-12 टाउन पार्क के पास एसीपी सराय राजेश लोहान के नाम पर रजिस्टर्ड थार गाड़ी ने एक प्रॉपर्टी डीलर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि थार एसीपी सराय राजेश लोहान के नाम से दर्ज है। एसीपी ने स्वीकार किया है कि गाड़ी उनका ड्राइवर चला रहा था, लेकिन उन्होंने ड्राइवर का नाम सार्वजनिक नहीं किया। वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि गाड़ी एसीपी के बेटे या परिवार के किसी सदस्य ने चलाई थी और पुलिस परिवार को बचाने की कोशिश कर रही है।
परिजनों ने यह भी सवाल उठाए कि घटना स्थल सेंट्रल थाना से मात्र 300 मीटर की दूरी पर है, लेकिन वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए थे। उनका आरोप है कि चालक ने जानबूझकर टक्कर मारी।
हादसे के बाद मृतक मनोज कुमार के परिजनों और समर्थकों ने सेंट्रल थाने और बादशाह खान अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने हत्या की धारा के तहत केस दर्ज करने की मांग की। दबाव के बाद पुलिस ने मामला हत्या की धारा में दर्ज कर लिया है।
मृतक की पहचान नंगला एन्क्लेव भाग-2 निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। रविवार देर रात वह अपने दोस्तों के साथ मथुरा और वृंदावन से लौट रहा था। इसी दौरान सेक्टर-12 में एक बेकाबू थार ने उसे टक्कर मार दी।