भिवानी | भिवानी जिले के बवानी होड़ा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बलियाली से रामूपुरा बस स्टॉपेज होते हुए दांग तक नया सड़क मार्ग बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 2 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत आएगी।
जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है और रोड पर मिट्टी डालने की प्रक्रिया भी जारी है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी यह सड़क अब पूरी तरह नए रूप में तैयार होगी।
बरसात के मौसम में इस रास्ते पर गड्ढे और कीचड़ से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं जलभराव की समस्या के चलते वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती थी। नया मार्ग बनने से न केवल गड्ढों और कीचड़ की समस्या खत्म होगी, बल्कि पानी निकासी के लिए ऊंचाई पर बने नालों को भी व्यवस्थित किया जाएगा।
बलियाली के सरपंच सचिन सरदाना और रामूपुरा के सरपंच प्रतिनिधि नरेश शर्मा का कहना है कि इस सड़क के बनने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात सुगम होगा।