लुधियाना | जिले के फिरोजगांधी मार्केट में स्थित RS टावर में आज अचानक आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज़ थी कि ग्राउंड फ्लोर से लेकर थर्ड फ्लोर तक फैल गई। आसपास के लोग डर के मारे इधर-उधर भागते नजर आए।
मौके पर मौजूद लोगों ने आग को रोकने की कोशिश की, लेकिन आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। ग्राउंड फ्लोर में लगे बैंक के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
आग की लपटें इतनी ऊँची उठीं कि पूरा फिरोजपुर रोड धुएँ से भर गया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान लोगों ने बिल्डिंग के नीचे खड़े वाहनों को सुरक्षित दूरी पर हटा दिया।
सौभाग्यवश, इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। RS टावर में कई बैंक मौजूद हैं, और यदि आग पर समय रहते काबू न पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।