Shimla, 24 September
जिला शिमला में युवाओं को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में दक्ष बनाने के लिए 550 युवा आपदा मित्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें 200 एनसीसी, 100 एनएसएस, 100 नेहरू युवा केंद्र योजना और 100 भारत स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थी शामिल होंगे।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि प्रशिक्षण का शुभारंभ 1 अक्टूबर 2025 से होगा। मास्टर ट्रेनरों के मार्गदर्शन में होने वाले इस प्रशिक्षण के बाद युवाओं को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रमाणपत्र, आईडी कार्ड और प्रचार-प्रसार सामग्री प्रदान की जाएगी।साथ ही प्रशिक्षित युवाओं को तीन साल की बीमा सुरक्षा भी दी जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि इस योजना में केवल एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र और स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक शामिल होंगे। इससे पहले जिले में आपदा वॉलंटियर्स को प्रशिक्षित किया गया था, लेकिन युवा आपदा मित्र योजना को अलग ढंग से लागू किया जा रहा है।प्रशिक्षण चार बैचों में आयोजित होगा। इसके लिए बटालियन ट्रेनिंग सेंटर होम गार्ड एंड सिविल डिफेंस सुन्नी, पराला, सरगीन और फायर ट्रेनिंग सेंटर बल्देयां को प्रशिक्षण स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंघल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्योति राणा, एसडीएम ठियोग डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।