फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां सेक्टर-8 स्थित एक मकान में एक युवक ने अपनी दो छोटी बेटियों के साथ फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने अलग-अलग कमरों से तीनों के शव बरामद किए हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय निखिल गोस्वामी, उनकी ढाई साल की बेटी सिद्धि और डेढ़ महीने की बेटी रिद्धि के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, निखिल की पत्नी पूजा की मौत हाल ही में दूसरी बच्ची के जन्म के दौरान हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद निखिल मानसिक तनाव में रहने लगा था।
परिवार की जानकारी के अनुसार, निखिल पिछले 4-5 महीनों से बेरोजगार था और इस दौरान उसने कामकाज भी छोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि वह बीते कुछ दिनों से खाना भी नहीं खा रहा था। गुरुवार रात अचानक उसने यह चरम कदम उठाया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।