चंडीगढ़। हरियाणा में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। 26 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि, 1 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार, अगले छह दिनों तक प्रदेश में सूखा मौसम रहेगा। इसके बाद विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी और सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी।
आज का तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 26 सितंबर को हरियाणा में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। दिन के समय गर्मी में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।