Karnal, 28 September
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रविवार को करनाल पहुंचे, जहां उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत कर्ण कमल कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनकर की। इसके बाद बूथ नंबर 82 की समिति के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
भारत-पाक फाइनल पर बड़ा बयान
एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे फाइनल मैच को लेकर मनोहर लाल ने विश्वास जताया कि जीत भारत की होगी। उन्होंने कहा, “हमने पाकिस्तान को पहले भी हर क्षेत्र में हराया है। ऑपरेशन सिंदूर में भी उन्हें सबक सिखाया गया था। आज का मुकाबला भी भारत ही जीतेगा और पाकिस्तान को फिर मात मिलेगी।”
विपक्ष पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर लाल ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इनेलो और कांग्रेस के बीच केवल ‘नूरा कुश्ती’ चल रही है। “वो कहते हैं हम इनके साथ हैं, ये कहते हैं हम उनके साथ हैं। भाजपा सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है,” उन्होंने कहा।
सामूहिक विवाह में आशीर्वाद और गौशाला में पूजा
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री सेक्टर-8 स्थित अग्रसेन भवन पहुंचे, जहां सामूहिक विवाह समारोह में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद वे श्री कृष्ण गौशाला पहुंचे, जहां स्वामी ज्ञानानंद महाराज के साथ पूजा-अर्चना की और फ्री मेडिकल कैंप व गौ चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
व्यापारी संवाद और सम्मेलन में होंगे शामिल
शाम को मनोहर लाल सिख सम्मेलन में शामिल होंगे और उसके बाद व्यापारियों के साथ जीएसटी को लेकर संवाद करेंगे।