Shimla, Sanju
शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर राजधानी शिमला के कनलोग वार्ड में खेलकूद का आयोजन कर उन्हें याद किया गया। पार्षद आलोक पठानिया की पहल पर आयोजित भगत सिंह स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने किया।
खेलों में बच्चों और महिलाओं की बड़ी भागीदारी
इस मौके पर बच्चों के लिए रेस, फुटबॉल और अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं ने भी खेलकूद में हिस्सा लिया। साथ ही पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर बच्चों ने शहीद भगत सिंह के विचारों और बलिदान को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विजेताओं को पुरस्कार और सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
महापौर का संदेश – खेल मैदान युवाओं को नशे से बचाएंगे
महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शहीद भगत सिंह की जयंती को स्पोर्ट्स डे के रूप में मना रहे हैं और इस तरह के आयोजन से युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि पार्षद आलोक पठानिया ने कनलोग वार्ड में खेल मैदान का निर्माण करवाया है और नगर निगम शिमला के अन्य वार्डों में भी ऐसे खेल मैदान विकसित करने की योजना बना रहा है।
महापौर ने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में फंस रही है और खेल गतिविधियाँ उन्हें इससे बाहर निकालने का प्रभावी माध्यम बन सकती हैं।