कुरुक्षेत्र | हरियाणा में सोमवार से तहसीलों में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत कुरुक्षेत्र के लाडवा की बाबैन तहसील से इस योजना का शुभारंभ किया।
नई डिजिटल प्रणाली के तहत अब रजिस्ट्री से लेकर सीमांकन तक की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी। संपत्ति के खरीदार और विक्रेता किसी भी समय 24×7 वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और अपनी सुविधा अनुसार ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। केवल फोटो और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए ही तहसील जाना होगा, जिससे बार-बार तहसील जाने की आवश्यकता खत्म हो जाएगी।
नई प्रणाली में उपलब्ध प्रमुख सुविधाएं
- पेपरलेस रजिस्ट्री (डीड)
- सीमांकन पोर्टल
- व्हाट्सऐप चैटबॉट
- राजस्व न्यायालय मामला प्रबंधन प्रणाली
सीएम ने कही ये बातें
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि सरकार का काम जनता की सेवा करना है और हर काम पारदर्शी होना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह पहल राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त करेगी, क्योंकि इसमें मानवीय हस्तक्षेप लगभग शून्य होगा। सीमांकन पोर्टल के माध्यम से खेत की सीमाओं के विवाद भी डिजिटल तरीके से हल होंगे।
डिजिटल सेवाओं से जनता को लाभ
- एक बार तहसील आने की जरूरत: केवल फोटो और बायोमेट्रिक के लिए
- ऑनलाइन अपॉइंटमेंट सिस्टम: समय की बचत
- व्हाट्सऐप चैटबॉट: आवेदन की स्थिति, फीस और शिकायत की जानकारी
- डिजिटल रिकॉर्ड: सभी दस्तावेज सुरक्षित रहेंगे, फिजिकल फाइल की जरूरत नहीं
- सीमांकन पोर्टल: खेत की सीमाओं की ऑनलाइन माप और विवाद समाधान
जनता से सीएम की अपील
सीएम ने कहा कि यदि कोई समस्या आती है तो प्रत्यक्ष समाधान शिविर में सीधे उनसे शिकायत की जा सकती है। उन्होंने किसानों से कहा कि धान की फसल समय पर मंडियों में लाएं और मशीनों के माध्यम से तेज़ी से पहुंचाएं।
आगामी कार्यक्रम
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में दो बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इनमें से एक कोऑपरेटिव विभाग से जुड़ा होगा और दूसरा क्रिमिनल मामलों को लेकर आयोजित किया जाएगा।