कोलकाता | उत्तर 24 परगना जिले के श्यामनगर रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक दर्दनाक घटना में एक बच्चा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय लेवल क्रॉसिंग गेट समय पर न खुलने के कारण एम्बुलेंस तक मौके पर नहीं पहुँच सकी।
हादसा कैसे हुआ
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक महिला अपने बच्चे के साथ रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान बच्चा उसकी गोद से तीन नंबर ट्रैक पर गिर गया। महिला बच्चे को बचाने के लिए झुकी। उसी समय गौड़ एक्सप्रेस ट्रेन तीन नंबर ट्रैक पर आ रही थी।
स्टेशन पर मौजूद एक फल विक्रेता भी मां और बच्चे को बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन ट्रेन की टक्कर से तीनों ट्रैक से नीचे गिर गए।
स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों को बचाने और अस्पताल पहुँचाने के प्रयास किए गए, लेकिन गेटमैन ने लेवल क्रॉसिंग गेट समय पर नहीं खोला।
एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुँची
इस कारण एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। घायल लोगों को थोड़ी दूरी तक ले जाया गया और फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन किसी को भी बचाया नहीं जा सका। हादसे के विरोध में स्थानीय लोग घंटों तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन भी कर रहे थे।