नई दिल्ली | मुंबई से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट (संख्या 6E 762) को मंगलवार सुबह बम की धमकी मिली। विमान में करीब 200 यात्री सवार थे। सुरक्षा एजेंसियों ने धमकी को गंभीर मानते हुए तुरंत अलर्ट जारी कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट के लिए पूर्ण आपातकाल घोषित किया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, एयरबस A321 नियो विमान सुबह लगभग 7:53 बजे सुरक्षित रूप से दिल्ली में उतरा।
इंडिगो का बयान
इंडिगो एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि 30 सितंबर को मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में सुरक्षा संबंधी खतरे की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया, “हमने तय प्रोटोकॉल के तहत तुरंत संबंधित एजेंसियों को सूचित किया और आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी होने तक उनका पूरा सहयोग किया। जांच के बाद विमान को संचालन के लिए मंजूरी दी गई।”