इंडोनेशिया | इंडोनेशिया के ईस्ट जावा प्रांत के सिदोआर्जो शहर में अल खो़जिनी इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल की इमारत गिरने से हादसा हुआ। इस घटना में एक छात्र की मौत हो गई और 99 छात्र घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है। कुछ छात्र अब भी मलबे में दबे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय छात्र दोपहर की नमाज़ अदा कर रहे थे। जिस इमारत में यह हादसा हुआ, वह पहले से ही दो मंज़िला थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने बिना सरकारी अनुमति के उस पर दो और मंज़िलें बनवा दी थीं। चौथी मंज़िल के कंक्रीट डालते समय नींव भारी वजन सहन नहीं कर पाई और इमारत भरभरा कर गिर गई। घटना के समय लड़कियां अलग हिस्से में थीं और सुरक्षित बच गईं।
पुलिस, सेना और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। रातभर चले अभियान में आठ छात्रों को मलबे से जिंदा निकाला गया, हालांकि वे सभी गंभीर रूप से घायल हैं। राहतकर्मियों ने बताया कि भारी कंक्रीट और अस्थिर मलबा बचाव कार्य में बाधा बना हुआ है। फंसे छात्रों तक ऑक्सीजन और पानी पहुंचाया जा रहा है।
हादसे के बाद स्कूल और आसपास के अस्पतालों में परिजन ग़मगीन हैं। जैसे ही कोई घायल छात्र बाहर लाया जाता है, चीख-पुकार मच जाती है। सरकार ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कैसे बिना अनुमति इमारत की ऊपरी मंज़िलें बनाई जा रही थीं।