लुधियाना। कम्प्यूटर युग में पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन (PSPCL) ने अपने सिस्टम को अत्याधुनिक तकनीक से लैस कर लिया है। अब पूरे पंजाब में पावर विभाग से जुड़े उपभोक्ताओं के बिजली बिल मैन्युअल तरीके से तैयार करने की बजाय एआई स्कैनिंग ऐप के माध्यम से जारी किए जाएंगे।
यह नई पहल भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से लागू की गई है। पूर्व में पावर कॉर्प के कई मीटर रीडर उपभोक्ताओं के साथ सांठगांठ कर बिलों में हेराफेरी करते थे, जिससे उन्हें अनुचित लाभ मिलता था और विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।
पंजाब सरकार और PSPCL का कहना है कि इस तकनीकी कदम से बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और भ्रष्ट कर्मचारियों द्वारा किए जाने वाले गलत कामों पर प्रभावी नियंत्रण होगा। एआई स्कैनिंग ऐप बिल बनाने की प्रक्रिया को तेज, सटीक और भरोसेमंद बनाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को भी सही और निष्पक्ष बिल मिलेंगे।