क्वेटा | पाकिस्तान के क्वेटा शहर में मंगलवार को फ्रंटियर कॉर्प्स मुख्यालय के पास जोरदार धमाका हुआ, जिसने आसपास के मॉडल टाउन और संवेदनशील इलाकों में दहशत फैलाकर आवाज़ गूंजाई। धमाके के तुरंत बाद गोलीबारी भी शुरू हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विस्फोट में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 32 से अधिक लोग घायल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। विस्फोट की ताकत इतनी अधिक थी कि आसपास की इमारतों और घरों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं।
बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर और स्वास्थ्य सचिव मुजीब-उर-रहमान ने सिविल अस्पताल क्वेटा, बीएमसी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में आपातकाल की घोषणा कर दी। सभी डॉक्टरों, फार्मासिस्ट, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को तुरंत ड्यूटी पर तैनात किया गया। घायलों और मृतकों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घटनास्थल से उठते धुएं और आग की लपटों को रेस्क्यू टीम और पुलिस ने नियंत्रित किया। पूरे क्षेत्र को सील कर सुरक्षा बलों ने कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, धमाके की वास्तविक वजह का पता अभी नहीं चल पाया है। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि धमाके की कुछ तस्वीरें पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं, जिसमें आग और विस्फोट की तीव्रता दिखाई दे रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की तहकीकात में जुटी हुई हैं।