Hamirpur, Arvind
हिमाचल प्रदेश की दिव्यांग क्रिकेट टीम को अब विशेष स्पोर्ट्स व्हीलचेयर मिलेंगी। जिला प्रशासन हमीरपुर ने इसके लिए 12 खिलाड़ियों को 25-25 हजार रुपये की दर से कुल 3 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।
गौरतलब है कि प्रदेश स्तरीय टीम सुविधाओं के अभाव में अब तक दो बार सामान्य मरीजों वाली व्हीलचेयर पर नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में खेल चुकी है। अब जिला प्रशासन के सहयोग से खिलाड़ियों को उपयुक्त खेल व्हीलचेयर उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके लिए जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी की ओर से एक कमेटी गठित की गई है, जो खिलाड़ियों को ये चेयर वितरित करेगी।
वर्ष 2021 में हमीरपुर जिले के 48 वर्षीय राजन कुमार ने इस टीम का गठन किया था। राजन खुद चलने-फिरने में असमर्थ हैं और टीम के डायरेक्टर व खिलाड़ी दोनों की भूमिका निभा रहे हैं। उनकी लंबे समय से स्पोर्ट्स व्हीलचेयर की मांग रही थी। लगभग दो माह पूर्व उन्होंने उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह से मुलाकात कर अपनी बात रखी थी।
डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह ने बताया कि यह जानकर आश्चर्य हुआ कि टीम बिना स्पोर्ट्स चेयर के ही दो बार नेशनल स्तर तक पहुंच चुकी है। खिलाड़ियों की सुविधा को देखते हुए तीन लाख का बजट स्वीकृत किया गया है। उम्मीद है कि इन स्पोर्ट्स चेयर की मदद से टीम आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन करेगी.