मोहाली | पंजाबी संगीत जगत के प्रसिद्ध गायक राजवीर जवंदा की तबीयत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उन्हें गंभीर चोटों के बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हाल की जानकारी के अनुसार, उनका ब्लड प्रेशर और दिल की धड़कन अब स्थिर हैं, जो एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। यह जानकारी उनके साथियों रेशम अनमोल और एमी विर्क ने साझा की है।
चोटें गंभीर, वेंटिलेटर सपोर्ट जारी
हादसे के दौरान राजवीर के शरीर में ऑक्सीजन की कमी देखी गई थी। MRI रिपोर्ट में पता चला कि गर्दन और रीढ़ की हड्डियों में गंभीर चोटें आई हैं। इसके कारण उनके हाथ-पैर कमजोर हैं और उन्हें लंबे समय तक वेंटिलेटर पर रहने की संभावना है।
पिछले तीन दिनों से राजवीर वेंटिलेटर पर हैं। सिर और रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोटों के चलते उनका इलाज न्यूरोसर्जरी और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया जा रहा है।
अस्पताल में गायक और नेता पहुंच रहे
राजवीर के स्वास्थ्य को लेकर पंजाबी संगीत जगत और राजनीतिक क्षेत्र में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में गायक और नेता अस्पताल पहुंच रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थनाओं का दौर जारी है।