Mandi, Dharamveer
पूरे भारतवर्ष की तरह छोटी काशी मंडी में भी विजयादशमी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। पड्डल मैदान में आयोजित इस भव्य आयोजन में मेघनाथ, कुंभकर्ण और रावण के साथ-साथ कन्या भ्रूण हत्या रूपी रावण का भी पुतला जलाकर बुराइयों के अंत का संदेश दिया गया।
नगर निगम मंडी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डीसी मंडी अपूर्व देवगन विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने रावण दहन से पूर्व विधिवत रस्में निभाईं और लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। जिस प्रकार इस दिन रावण का दहन होता है, उसी प्रकार हमें भी अपने भीतर की बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए।
वहीं, नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने कहा कि छोटी काशी मंडी की जनता ने इस पर्व को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले वर्ष इस पर्व को और भी भव्य रूप से मनाने का प्रयास किया जाएगा।पड्डल मैदान में उमड़ी हजारों की भीड़ ने रावण दहन का रोमांचक नजारा देखा और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश अपने साथ घर ले गई।