गुरुग्राम | गुरुग्राम नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी है। इसी कड़ी में जोन-1 की टीम ने बुधवार को कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक बड़ी टैक्स बकाया प्रॉपर्टी को सील किया। इस प्रॉपर्टी पर कुल 20,34,592 रुपये बकाया थे, जो बार-बार नोटिस देने के बावजूद जमा नहीं कराए गए। सील की गई यह प्रॉपर्टी अनिल डागर के नाम दर्ज है।
टीम ने मौके पर अन्य प्रॉपर्टीज को भी सील करने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद मालिकों ने अगले 2-3 दिन में भुगतान करने की मोहलत मांगी। इस कारण अन्य प्रॉपर्टीज की सीलिंग फिलहाल स्थगित कर दी गई।
यह कार्रवाई टैक्स इंस्पेक्टर पंकज सलूजा और नगर निगम के अन्य कर्मचारियों द्वारा सभी नियमों और सावधानी के साथ की गई।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स का समय पर भुगतान आवश्यक है। बकाया राशि जमा न करने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी प्रॉपर्टी मालिकों से अपील की कि वे अपने बकाया टैक्स समय पर जमा कराएं, ताकि भविष्य में सीलिंग या अन्य कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
नगर निगम का उद्देश्य शहर में वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है और यह कार्रवाई केवल चेतावनी नहीं बल्कि सभी प्रॉपर्टी मालिकों को अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।