नई दिल्ली | भारतीय रेलवे ने ट्रेन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब जनरल रिजर्वेशन टिकट बुक करने के लिए भी आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। यह कदम खासकर दिवाली, छठ और अन्य त्योहारों के समय टिकट बुक करने वाले यात्रियों को सीधे प्रभावित करेगा।
15 मिनट में आधार वेरिफिकेशन जरूरी
नए नियम के अनुसार, रिजर्वेशन खुलने के पहले 15 मिनट में केवल आधार वेरिफाइड यूजर्स ही ऑनलाइन टिकट बुक कर पाएंगे। इससे पहले यह नियम सिर्फ तात्कालिक टिकट बुकिंग पर लागू था, लेकिन अब इसे जनरल और तत्काल दोनों बुकिंग के लिए अनिवार्य किया गया है। ध्यान रहे कि यह बदलाव सिर्फ IRCTC वेबसाइट और ऐप पर लागू होगा, PRC काउंटर से टिकट लेने वालों पर लागू नहीं होगा।
परिवर्तन का उद्देश्य
रेलवे का कहना है कि यह निर्णय टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ाने और टिकट दलालों पर लगाम लगाने के लिए लिया गया है। आधार वेरिफिकेशन से सुनिश्चित होगा कि टिकट सिर्फ असली यूजर्स तक पहुंचे और थोक बुकिंग या धांधली रोकी जा सके।
साधारण यात्रियों को सुविधा
रेलवे बोर्ड ने आदेश में स्पष्ट किया है कि इसका लक्ष्य है कि रिजर्वेशन का लाभ आम यात्रियों तक पहुंचे। जुलाई से तत्काल टिकट बुकिंग में यह नियम लागू किया गया था, जिससे यात्रियों को अब तात्कालिक टिकट अपेक्षाकृत आसानी से कंफर्म मिल रही है।