Shimla, 3 October
भाजपा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को दो नए केंद्रीय विद्यालय की सौगात दी है। ये विद्यालय शिमला संसदीय क्षेत्र की कोटखाई विधानसभा और पांवटा साहिब विधानसभा में स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार जताया।
हथकरघा उत्पादों को जीएसटी से राहत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को मंजूरी दी है। इसके लिए करीब 5862 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें पूंजीगत और परिचालन व्यय शामिल है। खास बात यह है कि इन विद्यालयों में पहली बार बाल वाटिका (प्री-प्राइमरी) की भी व्यवस्था होगी।सुरेश कश्यप ने कहा कि हालिया जीएसटी सुधारों से हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक शिल्प और उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेषकर शॉल और ऊनी वस्त्रों पर जीएसटी घटाकर 12% से 5% कर दिया गया है, जिससे कारीगरों और बुनकरों को सीधा लाभ होगा।
हिमाचल के कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी और शिमला जैसे क्षेत्रों में हजारों कारीगर शॉल और ऊनी उत्पाद बनाते हैं। कर में कटौती से उनकी आजीविका मजबूत होगी और उनके उत्पाद राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में और प्रतिस्पर्धी बनेंगे।पारंपरिक किन्नौरी टोपियाँ, दस्ताने और पश्मीना शॉल जैसे उत्पाद भी इस फैसले से लाभान्वित होंगे। इससे न केवल उपभोक्ताओं के लिए कीमतें कम होंगी बल्कि कारीगरों की आमदनी भी बढ़ेगी और पीढ़ियों पुरानी हस्तशिल्प परंपरा को संरक्षित रखने में मदद मिलेगी।