Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश सरकार की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पेंशनरों का आरोप है कि उन्हें समय पर पेंशन नहीं मिल रही, 2016 से लंबित एरियर का भुगतान अब तक नहीं हुआ है, महंगाई भत्ता (DA) और मेडिकल बिलों के भुगतान में भी लगातार देरी की जा रही है।
शिमला में हुई बैठक के बाद ज्वाइंट पेंशनर फ्रंट हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने कहा कि पेंशनरों को कई वर्षों से उनके हक का पैसा नहीं मिल रहा। मई महीने में सरकार ने 3 फीसदी DA देने की घोषणा की थी, लेकिन वह भी अभी तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार से कई बार मांगपत्र देकर आग्रह किया गया, लेकिन जब बार-बार अनदेखी हुई तो अब पेंशनरों ने सड़कों पर उतरने का फैसला लिया है। इसी के तहत 14 अक्टूबर को राज्यभर में बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई गई है।आत्मा राम शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने पेंशनरों की जायज मांगें पूरी नहीं कीं, तो यह आंदोलन और व्यापक होगा।इसी बीच, पेंशनरों का एक और संगठन—ज्वाइंट एक्शन कमेटी हिमाचल प्रदेश—ने भी इन्हीं मुद्दों पर 17 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन की तैयारी की घोषणा की है।