फरीदाबाद। झारखंड अंडर-19 टीम के खिलाड़ी और क्रिकेट कोच अमित पर पड़ोस में रहने वाले चार युवकों ने उनके घर के सामने हमला कर दिया। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में स्वजनों ने चारों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत तब हुई, जब अमित ने गली के नुक्कड़ पर खड़े युवकों से रास्ता खाली करने के लिए कहा था। इसी बात पर कहासुनी हो गई।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-56 स्थित क्रिकेट अकादमी में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले अमित रात करीब 10 बजे मैच खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में दो युवक खड़े थे, जिन्हें साइड होने के लिए कहने पर विवाद शुरू हुआ। थोड़ी देर बाद दोनों अपने दो साथियों के साथ अमित के घर पहुंच गए और उन्हें बाहर बुलाकर मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने डंडे से अमित के सिर पर वार किया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। गंभीर हालत देखकर आरोपी फरार हो गए। फिलहाल कोच का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।