पंजाब | पंजाब में जारी लगातार बारिश से मौसम में ठंडक और बढ़ गई है। मंगलवार सुबह से ही राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। इसी बीच, मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए भारी बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कई स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना भी जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, फरीदकोट, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, मोगा और तरनतारन जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और घरों के अंदर सुरक्षित रहें। किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करने की अपील की गई है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से पंजाब में झमाझम बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहले से ही 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया था और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी।
लगातार बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि धान और कपास की फसलें कटाई के लिए तैयार हैं। ऐसे में बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।