शिकरपुर | पाकिस्तान के सिंध प्रांत के शिकरपुर जिले में मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर हुए शक्तिशाली धमाके से जाफर एक्सप्रेस की पांच बोगियां पटरी से उतर गईं। इस हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। रेलवे पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
धमाका सोमारवाह इलाके में सुल्तान कोट स्टेशन के पास हुआ। मौके पर राहत और बचाव दल पहुंच गया, जबकि पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है। विस्फोट के कारण रेलवे ट्रैक को गंभीर नुकसान पहुंचा है और जांच शुरू कर दी गई है।
जाफर एक्सप्रेस पर कई बार हमले
जाफर एक्सप्रेस, जो क्वेटा से पेशावर के बीच चलती है, इस साल कई बार हमलों की शिकार हो चुकी है। पिछले कुछ महीनों में हुए प्रमुख घटनाक्रम इस प्रकार हैं:
- सितंबर 2025: बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में धमाके में ट्रेन की छह बोगियां पटरी से उतरीं, 12 यात्री घायल हुए।
- 10 अगस्त: मस्तुंग में हुए विस्फोट में चार लोग घायल।
- 4 अगस्त: कोल्पुर के पास ट्रेन की पायलट इंजन पर गोलीबारी। इस हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली थी।
- जून 2025: सिंध के जैकबाबाद जिले में विस्फोट से चार बोगियां पटरी से उतरीं।
- मार्च 2025: जाफर एक्सप्रेस का अपहरण, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई। बाद में सेना ने कार्रवाई कर 33 आतंकियों को मार गिराया और 354 बंधकों को बचाया।
सुरक्षा बलों का रुख
पाकिस्तान के सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि इन हमलों के पीछे बलूच उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं, जो लंबे समय से देश के भीतर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।