भिवानी | भिवानी में मनीषा मौत मामले की जांच के लिए सीबीआई की टीम नए तथ्यों के साथ सोमवार दोपहर दिल्ली से भिवानी पहुंची। टीम ने शाम को ढाणी लक्ष्मण स्थित मनीषा के घर जाकर करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में परिजनों से पूछताछ की। शाम 6 बजे सीबीआई की टीम वहां से लौट गई।
19 वर्षीय मनीषा 11 अगस्त को घर से लापता हुई थी और 13 अगस्त को उसका शव बरामद हुआ था। 3 सितंबर से सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सीबीआई ने घटनास्थल का कई बार मुआयना किया और मनीषा के परिजनों, गवाहों, प्ले स्कूल और कॉलेज प्रबंधन से पूछताछ की। इसके अलावा, ढिगावा मंडी की दो लाइब्रेरी स्टाफ से भी टीम ने पूछताछ की।
24 सितंबर को सीबीआई अधिकारी दिल्ली लौट गए थे। दिल्ली में टीम ने मनीषा के तीसरे पोस्टमार्टम की विसरा रिपोर्ट और चिकित्सकीय राय, उसके पास पाए गए सुसाइड नोट की लिखावट की जांच, घटनास्थल से बरामद सबूत और नहर से मिले मोबाइल फोन का डेटा रिकवरी कराने के बाद भिवानी लौटकर जांच जारी रखी।
सीबीआई के साथ पहुंचे नए तथ्यों और तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर टीम ने मनीषा के परिजनों से कई सवाल किए। हालांकि, इस बारे में परिजन फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं।